आरपीएफ ने सोमवार सुबह जनता एक्सप्रेस की जनरल बोगी की तलाशी के दौरान बिना टिकट यात्रा करते युवक को पकड़ लिया। उसके पास से दवा भरे चार बैग भी बरामद हुए हैं। वह दवा बुकिंग (भाड़ा) संबंधी कोई अभिलेख नहीं दिखा सका। चौकी इंचार्ज ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
सोमवार सुबह करीब 5.30 बजे डाउन लाइन पर स्टेशन पहुंची जनता एक्सप्रेस की बोगी के चाराें दरवाजे अंदर से बंद थे। स्टेशन पर खड़े यात्रियों ने दरवाजा न खुलने पर हंगामा शुरू कर दिया। आरपीएफ से मामले की शिकायत की। चौकी इंचार्ज सर्वजीत यादव, एसआई बादाम सिंह ने मौके पर पहुंच कर बोगी के गेट खुलवाए। ट्रेन में बरेली के मोहल्ला सुभाष नगर निवासी अमित सक्सेना को बिना टिकट यात्रा करते गिरफ्तार किया। बोगी के अंदर से चार बड़े बैग भी मिले। इनमें दवा भरी थी। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह दवा सप्लाई करता है। अभिलेख न दिखा पाने पर आरपीएफ ने युवक को माल समेत हिरासत में ले लिया। युवक के खिलाफ बिना टिकट यात्रा करने व बिना बुकिं ग ट्रेन से माल ले जाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। चौकी इंचार्ज ने बताया कि बुकिंग सुपरवाइजर को मेमो भेजा गया है। युवक से जुर्माना भी वसूल किया जाएगा।