थाना क्षेत्र में हरदोई-गोपामऊ रोड पर हबीबपुर गांव के पास बुधवार दोपहर दो बसों की भिड़ंत में दस यात्री घायल हो गए। घायलों को सीएचसी टडियावां लाया गया, जहां से पांच घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। हादसे के बाद दोनों निजी बसों के चालक-परिचालक भाग निकले। जांच पड़ताल में पुलिस को बसों के कागजात नहीं मिले हैं। देर शाम तक पुलिस को तहरीर नहीं मिली थी।
शहर से गोपामऊ के बीच निजी यात्री बसें चलती हैं। बुधवार को हरदोई से 35 सवारियां लेकर निजी बस गोपामऊ जा रही थी। बस को गोपामऊ निवासी अकील चला रहा था। वह टडियावां से आगे हबीबपुर गांव के सामने पहुंचा तभी विपरीत दिशा से 56 सवारियां लेकर आ रही निजी बस से भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद चीख पुकार सुन आसपास के ग्रामीण जुट गए। ग्रामीणों की सूचना पर टडियावां थाने से दरोगा हरेंद्र सिंह मय फोर्स मौके पर पहुंचे।
108 एंबुलेंस बुलवाकर घायल यात्रियों को सीएचसी टडियावां पहुंचाया गया। यहां चिकित्सक ने हालत गंभीर देख सुनीता (30), हरी प्रसाद (60), श्याम कुमार (40), पुष्पा देवी (40) और सावित्री को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंचे।
सीएचसी में बंदरहा निवासी सलीमा बानो (45) पत्नी अब्बास अली, टंडौर निवासी नूरजहां (40) पत्नी बाबू अली, फकीराबाद निवासी कमलेश (30) पुत्र श्रीपाल, उनकी पत्नी सहासा देवी (25) व पुत्री सुजाता (3) का उपचार करके छुट्टी दे दी गई। थाना प्रभारी हेमंत राय ने बताया कि दोनों बसों को कब्जे में लिया गया है। बस मालिकों को सूचना देकर आरसी, फिटनेस व अन्य कागजात मंगाए गए हैं। अगर कागजों में किसी तरह की कमी मिली तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।