बुग्गी के बिदके घोड़े ने बाइक सवार बाप-बेटी को चपेट में ले लिया। बाइक सवार ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने मृतक के शव को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भी पहुंचाया लेकिन उसी दौरान चालक घोड़ा-बुग्गी लेकर फरार हो गया।
हादसा संजरपुर रोड पर बुधवार अपराह्न करीब चार बजे हुआ। बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव खैरातीनगर निवासी 45 वर्षीय नत्थूसिंह को बुखार आ गया था। वह दवा लेने के लिए बेटी शांति के साथ बाइक से घर से चला तो पालका नगला के पास उसे घोड़ा-बुग्गी ने चपेट में ले लिया। बाइक सवार बुग्गी में फंसकर घिसटता गया। नत्थू ने मौके पर ही दमतोड़ दिया। बेटी शांति ने शोर मचाया तो आसपास खेतों पर काम कर रहे दौड़ आए। उन्हें नत्थू में सांस बताकर एंबुलेंस बुला लिया। अस्पताल में डॉक्टर आरके गंगवार ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।
मृतक की बेटी की मानें तो घोड़ा बिदक गया था। नत्थू के सीने में चोट लगी थी। हादसे के बाद ही चालक घोड़ा-बुग्गी के साथ फरार हो गया। सूचना के बाद मृतक के घरवाले भी रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पुलिस भी बुला ली। पुलिस ने हादसा स्थल पर जाकर ग्रामीणों से भी बुग्गी चालक का नाम और पता हासिल करने की कोशिश की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शव को कब्जे में ले लिया है। देर रात ही पोस्टमार्टम के लिए बदायूं भेज दिया गया।