हरदोई। शहर कोतवाली पुलिस ने तीन बाइक चोरों को गिरफ्तार क र उनके कब्जे से चोरी की दस बाइकें बरामद की। पूछताछ में चोरों ने कई जिलों से बाइकें चोरी करने का जुर्म स्वीकार किया। एसपी ने पुलिस लाइन सभागार में पत्रकार वार्ता में घटना का खुलासा किया।
एसपी उमेश कुमार सिंह ने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र में हाल ही में कई बाइकें चोरी हुई थी। पुलिस बाइक चोरों की तलाश कर रही थी। मंगलवार को एएसपी पूर्वी बीसी दुबे व सीओ सिटी अजीत सिंह चौहान क ी अगुवाई में शहर में वाहन चेकिंग अभियान चलवाया गया। शहर कोतवाल विनय गौतम फोर्स के साथ लखनऊ चुंगी के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
इसी दौरान जानकारी मिली कि शुगर मिल कालोनी के खंडहर में तीन संदिग्ध लोग मौजूद हैं। कोतवाल ने फोर्स के साथ छापामार कर उदयराज पुत्र राजकुमार निवासी भड़ायल थाना टड़ियावां, सूरज पुत्र राजेश निवासी आजाद नगर शहर कोतवाली और शिवम पुत्र सतीश चंद्र सुभाष नगर शहर कोतवाली को गिरफ्तार किया। खंडहर में तलाशी के दौरान चोरी की दस बाइकें बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान तीनों ने बाइक चोरी करने का जुर्म स्वीकार किया। एसपी ने बताया कि चोरी की बरामद हुई छह बाइकें हरदोई की, एक सीतापुर, दो लखनऊ व एक हरियाणा की है। तीनों बाइक चोरों को कोर्ट के सामने पेश कर जेल भेज दिया गया। एसपी ने बाइक चोर पकड़ने वाली पुलिस टीम को पांच हजार रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।