हरदोई। रोडवेज बस स्टेशन पर प्रचार का विरोध करने पर स्टेट ट्रैवल्स एजेंसी कर्मी ने मंगलवार स्टेशन प्रभारी पर रिवाल्वर तान दिया। बस स्टेशन कर्मियों ने एजेंसी कर्मी को घेर लिया। सूचना पर एजेंसी संचालक पहुंचे इसी बीच उनका कर्मी भाग निकला। स्टेशन प्रभारी ने शहर कोतवाली में तहरीर दी है। शहर कोतवाल भगवान सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
शहर के रोडवेज बस स्टेशन पर मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे स्टेट ट्रैवल्स एजेंसी के दो कर्मी अपनी कंपनी का प्रचार कर रहे थे। स्टेशन प्रभारी आरबी लाल ने उन्हें बस स्टेशन पर प्रचार करने से मना कर दिया। इस बात पर ट्रैवल्स एजेंसी कर्मियों की स्टेशन प्रभारी से कहासुनी हो गई।
बात बढ़ने पर एक कर्मचारी ने प्रभारी पर रिवाल्वर तान दिया। इससे स्टेशन अफरा-तफ री मच गई। जानकारी होने पर रोडवेज के अधिकारी, कर्मचारी पहुंच गए। सूचना मिलने पर ट्रैवल्स एजेंसी संचालक मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से बात करने लगे।
इसी बीच उनके कर्मचारी भाग निकले। सूचना पर शहर कोतवाल भगवान सिंह भी मौके पर पहुंच गए। एआरएम आरके वर्मा ने बताया कि स्टेशन प्रभारी ने ट्रैवल्स एजेंस के अज्ञात कर्मचारी के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दे दी है।
स्टेट ट्रेवेल्स एजेंसी के संचालक शोएब ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर वह बस स्टेशन पहुंचे थे। एजेंसी के पंपलेट कौन बांट रहा था, इसकी जानकारी नहीं है। कोतवाल ने बताया कि देर रात आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि पूछताछ में युवक ने अपना नाम बिलाल निवासी वैटगंज बताया। वह एजेंसी में का कर्मचारी है।