नाली में खून से सना पड़ा कपड़ा।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सांडी (हरदोई)। दवाखाने के बाहर रखी टार्च का स्विच आन करते ही धमाका हो गया। इससे एक युवक के हाथ के दोनों पंजे उड़ गए। एक आंख की रोशनी भी चली गई। धमाके की आवाज एक किलोमीटर दूर तक सुनी गई। घायल को जिला अस्पताल से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। इस बाबत बिलग्राम सीओ बलवंत चौधरी ने बताया कि पीतल की तीन सेल वाली टार्च मेें विस्फोट हुआ है। फील्ड यूनिट ने टॉर्च के अवशेष जुटाए हैं।
इन्हें जांच के लिए आगरा प्रयोगशाला भेजा जाएगा। मौके से बारूद जैसा कुछ नहीं मिला है। फिलहाल कुछ कहना संभव नहीं है। चूंकि पहले भी ऐसी वारदात हो चुकी हैं, इसलिए सघन जांच शुरू कर दी गई है। टॉर्च की दुकानों में पूछताछ की जा रही है। ये भी पता किया जा रह है कि कोई बाहरी अनजान व्यक्ति तो कसबे में नहीं आया। इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बिलग्राम ब्लॉक के चौधरियापुर के प्रधान सतीश सांडी तिराहे पर परिवार के साथ रहते हैं। यहां दवाखाना भी चलाते हैं। अरवल थाना क्षेत्र के गांव गढ़रपुरा निवासी रिंकू का पांच वर्षीय बेटा रविवार तड़के बीमार हो गया। रिंकू ने उसे गांव के अवनीश (20) पुत्र जगरूप के साथ बाइक से सतीश के दवाखाने भेजा। अवनीश सांडी तिराहे स्थित सतीश के दवाखाने पहुंचा और कई बार आवाज लगाई। कोई उत्तर न मिलने पर उसने सतीश के घर के बाहर तख्त पर रखी टॉर्च उठाई और खिड़की पर रोशनी करने के लिए जैसे ही टॉर्च का बटन दबाया कि विस्फोट हो गया। इससे पूरे इलाके में खलबली मच गई।
प्रधान सतीश भी घबराकर बाहर निकल आए। उन्होंने मोबाइल से सीओ बिलग्राम बलवंत चौधरी को सूचना दी। कुछ ही देर में सीओ मौके पर पहुंच गए। इसके बाद सांडी थाने की पुलिस आई। धमाके से अवनीश के दोनों हाथ के पंजे और एक आंख उड़ गई थी। गंभीर हालत होने के बावजूद अविनाश ने मौके पर पहुंची पुलिस को पूरा वाक्या बताया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेजा, जहां से ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। प्रधान सतीश ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका कहना है कि उन्हें जान से मारने की धमकी मिली थी। यह उन्हें मारने की साजिश हो सकती है।