हरदोई। शहर क ोतवाली के लालपालपुर गांव में गुरुवार रात चोरों ने फिर एक घर को निशाना बनाने का प्रयास किया। आहट होने पर परिजन जाग गए। इससे चोर भाग गए। परिजनों के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने हवाई फायरिंग की। सूचना पर सीओ सिटी व कोतवाल ने गांव पहुंचकर पड़ताल की।
शहर कोतवाली के लालपालपुर गांव निवासी राम स्वरूप के घर गुरुवार रात करीब एक बजे छत के रास्ते से चोर घुसे। आहट मिलने पर राम स्वरूप की पत्नी जाग गई और शोर मचा दिया। उसके शोर मचाने पर चोर भाग गए।
शोरगुल सुनकर रामस्वरूप के घर के बाहर ग्रामीण आ गए और चोरों का पीछा करने का प्रयास किया। इस दौरान ग्रामीणों ने हवाई फायरिंग भी की। ग्रामीणों की सूचना पर करीब दो बजे सीओ सिटी अजीत सिंह चौहान और कोतवाल कमलेश नारायण मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों से पूछताछ के बाद उन्होंने यूपी डायल 100 टीम को गांव के आस-पास मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। चोरों के दुस्साहस को लेकर ग्रामीणों में चर्चा है कि चार दिन पहले गांव के दो घरों से चोर लाखों का सामान समेट ले गए थे। जिसका पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर सकी है। इसी के चलते निर्भीक चोर फिर से वारदात का प्रयास कर रहे हैं। चोरों की आहट से ग्रामीण भयभीत हैं।