मकान का टूटा ताला दिखाता उमेश कुमार
- फोटो : amarujala
हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र में दूसरे दिन भी चोरों ने लूटपाट की। नानकगंज झाला के एक मकान का ताला तोड़कर चोर हजारों का सामान समेट ले गए। बुधवार को भी चोरों ने एक मकान से लाखों का सामान समेटा था। दोनों ही वारदातों की पुलिस ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पुलिस जांच के नाम पर रिपोर्ट दर्ज करने में हीलाहवाली कर रही है।
सुरसा थाना क्षेत्र के भटपुरवा गांव निवासी उमेश कुमार ने कुछ दिन पहले देहात कोतवाली के नानकगंज झाला में प्लॉट लिया था। पिछले कुछ दिनों से वह यहां पर मकान बनवा रहा है। उमेश कु मार ने बताया कि गुरुवार शाम वह मकान में ताला डाल कर घर चला गया था।
एक कमरे में राज मिस्त्री के औजार और मशीनें रखी थीं। बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे वह मकान पर पहुंचा तो दरवाजे का ताला टूटा था। इसके साथ ही कमरे का ताला भी टूटा था और उसमें रखी राज मिस्त्री की ड्रिल मशीन, रंदा, आरी और अन्य सामान चोरी हो गया था।
उमेश ने बताया कि मकान की दीवार के पास एक सीढ़ी भी मिली। जिसक ो चोर वहीं पर छोड़ गए थे। उमेश के मुताबिक सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की और उससे तहरीर ले ली। पुलिस कर्मियों ने उससे जांच कर रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही।
जबकि इसी कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात पंडित पुरवा निवासी शफी उस्मानी के घर में भी चोरी हुई थी। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद तहरीर ली थी। शफी उस्मानी ने 80 हजार रुपये और सोने चांदी के गहने समेत करीब 8 लाख रुपये की चोरी का दावा किया था। मामले में दो दिन बीतने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। कोतवाल हीरालाल का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।