हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सुर्जीपुर निवासी आपराधिक प्रवृत्ति के एक युवक ने शुक्रवार सुबह घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजनों ने बताया कि युवक पर कई मुकदमें थे, इसके साथ ही वह आर्थिक रूप से भी काफी परेशान चल रहा था। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सुर्जीपुर निवासी पवन कुमार (30) पुत्र राकेश ने शुक्रवार सुबह 10 बजे गमछे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव घर के एक कमरे में कुंडे से फांसी पर लटकता पाया गया। परिजनों ने बताया कि पवन विवाहित था।
उसके एक बेटा व एक बेटी है। बताया कि पवन पर कई मुकदमें दर्ज है, आए दिन उसकी कोर्ट में तारीखें व पेशी होती थीं। इसके साथ ही वह आर्थिक रूप से भी काफी परेशान चल रहा था।
जिसके चलते उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया है। कोतवाल आलोक सिंह ने बताया कि युवक की हिस्ट्रीशीट खुली हुई थी, शहर कोतवाली समेत अन्य कई थानों में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं। बताया कि मौत का सही कारण जानने के लिए पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।