कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कल्यानपुर स्थित एसबीआई के फ्रेंचाइजी कर्मी की बाइक की डिग्गी से एक लाख रुपये चोरी हो गए। पास खड़ी महिला के शोर मचाने पर लोगों ने बाइक सवार बदमाशों का किया, लेकिन उनका पता नहीं चला। पुलिस ने कस्बा स्थित बैंक शाखा के फुटेज खंगाले हैं।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लच्छीपुर निवासी सर्वेंद्र पुत्र कैलाश नारायन त्रिपाठी कल्यानपुर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की फ्रेंचाइजी (मिनी बैंक) चलाते हैं। बुधवार दोपहर फ्रेंचाइजी कर्मी राहुल पुत्र रामस्वरूप ने कस्बा स्थित मुख्य शाखा से एक लाख रुपये निकाले और डिग्गी में रख लिए। उसने फ्रेंचाइजी कार्यालय के बाहर बाइक खड़ी कर दी। झोला उठाने कार्यालय के अंदर चला गया। इस बीच बाइक से आए दो युवकों ने राहुल की बाइक की डिग्गी तोड़कर उसमें रखी एक लाख की नगदी पार कर दी। वहां खड़ी महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया। लेकिन बदमाश भाग गए। पुलिस ने राहुल और महिला से पूछताछ की। महिला ने बताया कि दोनों युवकों की उम्र 20 से 22 वर्ष होगी। कोतवाल आरपी सिंह ने बताया कि राहुल की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कैमरे की फुटेज देखी जा रही है।