लोनार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पकरी में मंगलवार शाम संदिग्ध हालात में गर्भवती की आग से झुलसने से मौत हो गई। मृतका के पिता ने ससुरालीजनों पर दहेज के लिए जलाने का आरोप लगाया है।
लोनार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पकरी निवासी लक्ष्मी (19) पत्नी पुष्पेंद्र सात माह की गर्भवती थी। मंगलवार शाम घर के अंदर ही संदिग्ध हालात में वह आग लगने से गंभीर रूप से झुलस गई। ससुरालीजनों ने आनन-फानन उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां रात लगभग साढ़े दस बजे लक्ष्मी की मौत हो गई। ग्रामीणों ने उसके पिता पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टड़ौना निवासी रामलाल को सूचना दी। उन्होंने बताया कि लक्ष्मी का विवाह एक वर्ष पूर्व पुष्पेंद्र के साथ किया था। उन्होंने लक्ष्मी के पति पुष्पेंद्र, सास रेशम और ससुर विजयपाल पर लक्ष्मी को जलाकर मार डालने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि लक्ष्मी के ससुरालीजन कूलर और फ्रिज मांग रहे थे। उन्होंने कहा था कि जब घर में बिजली का कनेक्शन हो जाएगा तो वह कूलर और फ्रिज दे देंगे। एक सप्ताह पूर्व शादी में दी गई बाइक में कुछ खराबी आ गई। इस पर ससुरालीजन बाइक बदलने की मांग कर रहे थे। रामलाल ने बताया कि पांच दिन पहले भी ससुरालीजनों ने लक्ष्मी की पिटाई की थी और उसका मोबाइल तोड़कर सिम अपने पास रख लिया था। इस पर वह रविवार को गांव गए थे और दूसरा सिम व मोबाइल फोन अपनी बेटी को देकर आए थे। लोनार कोतवाली का प्रभार देख रहे जावेद अहमद ने बताया कि घटना की जानकारी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।