हरदोई। शहर के तारा एकेडमी स्कूल से छात्र का अपहरण करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने दबोच लिया है। लोनार थाने के बड़ौरा गांव के ये युवक सगे भाई हैं। नशे की लत के चलते बच्चे के अपहरण की साजिश रची। बाबा को किए मोबाइल नंबर को ट्रेस कर पुलिस अपहरणकर्ताओं तक पहुंची।
शहर के मोहल्ला अशराफ टोला निवासी अंकुर मेहरोत्रा का बेटा अर्णव (5) तारा एकेडमी में कक्षा नर्सरी का छात्र है। शुक्रवार को छुट्टी के समय एक युवक उसे उठा ले गया था। बाद में छात्र भूराटीकुर गांव में गन्ने के खेत में पड़ा मिला था।
अपहरणकर्ता ने अर्णव के बाबा श्रीनाथ मेहरोत्रा के मोबाइल पर फोन पर फिरौती भी मांगी थी। पुलिस ने अपहरणकर्ता के नंबर को सर्विलांस पर लगाकर ट्रेस कर लिया। सूत्रों के अनुसार बरामदगी के कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने अर्णव को स्कूल से ले जाने वाले युवक को दबोच लिया।
यह युवक लोनार थाना क्षेत्र के बड़ौरा गांव का रहने वाला है। युवक से पूछताछ के बाद पुलिस ने रात करीब 12 बजे बड़ौरा गांव में दबिश देकर युवक के दो छोटे भाइयों को भी पकड़ लिया। ये दोनों भी अपहरण की साजिश में शामिल बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार अपहरणकर्ताओं ने छात्र का अपहरण और फिरौती मांगने की बात कबूल भी कर ली है। अपहरणकर्ता गांजे आदि नशे के लती हैं। इसी लत के चलते उन्होंने अपहरण की साजिश रची। बड़ा भाई आगरा में रहता था। दो महीना पहले ही वह गांव लौटा।
उसने अपहरण की साजिश रची। स्कूल के स्टाफ ने अपहरणकर्ता के काली शर्ट और नीली पैंट पहने होने की सूचना दी थी। दबोचा गया अपहरणकर्ता काली शर्ट व नीली पैंट ही पहने था। अपहरणकर्ताओं के पिता एक सुरक्षा एजेंसी की गाड़ी चलाते हैं। ये गाड़ी एटीएम में पैसा लोड करने का काम करती है।