जिला अस्पताल में एक युवक ने पुलिस पर उसके रुपये
निकाल लेने का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया और पुलिसकर्मियों के सामने गले
में बेल्ट लपेटकर आत्महत्या का प्रयास किया। अस्पताल में काफी देर तक
हंगामा होता रहा। पुलिस ने किसी प्रकार उसे समझा बुझाकर शांत किया।
शहर
केातवाली क्षेत्र के नुमाइश चौराहे पर एक युवक घायल अवस्था में पड़ा मिला।
दो पुलिसकर्मी उसे जिला अस्पताल ले आए। यहां उसने अपना नाम नरेश यादव (40)
पुत्र रूदन सिंह निवासी वृंदावन मथुरा बताया। उसने आरोप लगाया कि उसके पास
उसकी बहन की शादी के लिए 45 हजार रुपये थे, जो पुलिसकर्मियों ने निकाल
लिए।
अब पुलिसकर्मी उसके पैसे वापस नहीं कर रहे। इसी बात को लेकर
वह हंगामा करने लगा। इससे वहां पर भारी भीड़ जमा हो गई। वह काफी देर तक
हंगामा करता रहा और बेल्ट से अपना गला कसने का प्रयास किया। इससे
पुलिसकर्मियों के हाथ पैर फूल गए।
पुलिसकर्मियों ने कंट्रोल रूम को
सूचना दी। चौकी प्रभारी रेलवेगंज मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि युवक
नशे में है, इसलिए बवाल कर रहा है। युवक खुद को पुलिस अधीक्षक के पास ले
जाने की बात कह रहा था। चौकी प्रभारी ने काफी मशक्कत के बाद उसका इलाज
कराया और घर भेजने के लिए उसे अपने साथ ले गए।