लोनार थाना क्षेत्र में एक घर पर सशस्त्र बदमाशों ने
धावा बोलकर गृह स्वामी को बंधक लिया और लूटपाट का प्रयास किया। गृह स्वामी
के चीखने पर पड़ोसियों ने हवाई फायरिंग की तो बदमाश गोलियां चलाते हुए भाग
निकले। बदमाशों की फायरिंग में एक युवक बाल बाल बचा। पुलिस ने घटनास्थल पर
पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
लोनार थाना क्षेत्र के ग्राम
निजामपुर निवासी अखिलेश गौतम पुत्र चोबर की बावन कस्बे में फोटो स्टूडियो
की दुकान है। मंगलवार की रात वह घर पर सो रहे थे। रात करीब एक बजे पांच
असलहेधारी बदमाश उनके घर में घुस आए और असलहे के दम पर उन्हें बंधक बना
लिया।
वे घर में रखे सामान की जानकारी करने लगे। इसी बीच मौका
मिलने पर वह चीख उठा। इस पर उसके पास पड़ोसी जाग गए और उन लोगों ने छत पर
पहुंच कर हवाई फायरिंग शुरू कर दी। इस पर बदमाश उसको छोड़कर भाग खड़े हुए।
जाते हुए बदमाशों ने फायरिंग कर दी।
इससे
गांव निवासी शोभित बाल बाल बचा। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना
पर थानाध्यक्ष लोनार हेमंत राव और बावन चौकी प्रभारी राम लाल यादव पुलिस बल
के साथ मौके पर पहुंचे और घटना के विषय में छानबीन की। घटना से गांव में
दहशत है। इस संबंध में अखिलेश ने पुलिस को प्रार्थनापत्र दिया है। पुलिस
मामले की जांच कर रही है।