हरपालपुर (हरदोई)। कन्नौज में हुई हत्या की हरपालपुर थाने में नामजद रिपोट दर्ज कराने की मांग पर अड़े ग्रामीणों ने रविवार शाम बवाल कर दिया। करीब एक घंटे तक थाने का घेराव करने के बाद उपद्रवियों ने दो दुकानों और एक मकान में आग लगा दी। पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ कर हालात संभाले। फायरब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। तनाव को देखते हुए कसबे में दो सीओ के अलावा सात थानों की पुलिस लगा दी गई है।
हरपालपुर थाना क्षेत्र के जोधनपुरवा गांव निवासी गल्ले के व्यापारी रामू तिवारी (50) पुत्र श्याम नारायण तिवारी शनिवार सुबह दस बजे घर से निकले थे। दोपहर में बेटी के फोन करने पर रामू ने हरपालपुर में होने की जानकारी दी थी। लोगों ने भी उन्हें करीब सवा दस बजे हरपालपुर में शुक्ला बिल्डिंग में देखा था। इसके बाद से वह लापता हो गए।
रविवार सुबह करीब दस बजे कन्नौज जिले के गुरसहायगंज थाना क्षेत्र में बोरे में बंद उनकी लाश मिली। इस पर परिजन कन्नौज पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर करीब पांच बजे परिजन सीधे हरपालपुर कोतवाली पहुुंचे। परिजनों ने आढ़ती हरीराम पर हत्या का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। इसी बीच सैकड़ों लोगों की भीड़ थाने पर जमा हो गई। विवाद बढ़ता देख थाना प्रभारी ने सीओ नीतेश को सूचना दी। कुछ देर बाद सीओ मौके पर पहुंच गए।
सीओ और भीड़ के बीच बातचीत चल ही रही कि भीड़ से निकलकर कुछ उपद्रवी आढ़ती हरीराम के घर पर पहुंच गए और उनके भाई गोवर्धन और पड़ोसी तेजराम की दुकानों और मकान में आग लगा दी। थाना पुलिस ने उपद्रवियों को जैसे-तैसे खदेड़ा। हालात बेकाबू होते देख सीओ ने एसपी को सूचना दी। इस पर सीओ शाहाबाद अरविंद कुमार वर्मा और सीओ बिलग्राम बलवंत चौधरी के अलावा सात थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। शाम करीब सात बजे एसपी उमेश कुमार सिंह भी कसबे में पहुंच गए ओर हालात का जायजा लिया।
कन्नौज के गुरसहायगंज प्रतिनिधि के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई है। रविवार सुबह गुरसहायगंज कोतवाली के ग्राम रूपपुर-निजामपुर मार्ग पर बोरे में बंद शव मिला था। निजामपुर के कुछ ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार देर रात चार पहिया वाहन इस मार्ग पर आया था। कुछ देर रुकने के बाद लौट गया था। आशंका है कि इसी गाड़ी से शव यहां फेंका गया।