जली हुई कार जिसमें रखा शव भी हुआ राख
- फोटो : amarujala
सुरसा (हरदोई)। थाना क्षेत्र के कमरौली गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर रविवार तड़के कार में जला हुआ शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। शव का ज्यादातर हिस्सा जलकर राख हो गया था। इस वजह से शिनाख्त नहीं हो सकी। यह भी पता नहीं चल सका कि शव महिला का है या पुरुष। आशंका है कि हत्या के बाद शव कार में डालकर आग लगा दी गई। कार पर लिखा नंबर जांच पड़ताल में बाइक का निकला।
सुरसा थाना क्षेत्र में बिलग्राम-हरदोई रोड के किनारे कमरौली गांव है। मुख्य रोड से कमरौली गांव के लिए बने रास्ते पर सोमवार सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों ने जली हुई कार देखी, जिससे हल्का धुंआ उठ रहा था। नजदीक गए तो पीछे की सीट पर जली हुई लाश दिखी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार में मिले कंकाल को मुर्दाघर भेजवाया। कंकाल महिला का है या पुरुष का यह साफ नहीं हो सका है। कार पर लिखा नंबर यूपी 35 एन 2172 की पड़ताल की गई तो वह बाइक का निकला।
फील्ड यूनिट की टीम ने कार के चेचिस नंबर व अन्य साक्ष्य एकत्रित किए। मौके पर पहुंचे एएसपी पूर्वी ज्ञानंजय सिंह ने ग्रामीणों से पूछताछ की। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार तड़के करीब तीन बजे तेज धमाके की आवाज आई थी।
संभव है कि आग लगाने के बाद कार का टायर फटा हो। जांच पड़ताल में ऐसा कोई क्लू नहीं मिला, जिससे कार या मृतक के संबंध में कुछ पता चल सके। एएसपी ने बताया कि आशंका है कि हत्यारों ने हत्या के बाद पहचान मिटाने के लिए लाश को कार समेत जलाया है। कार की चेचिस नंबर व अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम व डीएनए टेस्ट में पता चलेगा कि मरने वाला पुरुष था या महिला।