निजी संस्था के कर्मी विद्युत मीटरों को घर से बाहर लगाने का काम कर रहे है। बुधवार को मंगलीपुरवा मोहल्ले में उपभोक्ताओं ने मीटर सील तोड़कर अवैध वसूली का आरोप लगाया और दो कर्मचारियों की पिटाई कर दी। विभागीय कार्यशैली से क्षुब्ध उपभोक्ताओं ने सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पाकर पुलिस और विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।
पावर कारपोरेशन के निर्देश पर जिले में उपभोक्ताओं के घरों के बाहर मीटर लगवाया जा रहा है। इसका काम ठेकेदार आदेश सिंह को दिया गया है। इस समय प्राइवेट कर्मी शहर के मोहल्लों में जाकर विद्युत मीटर की शिफ्टिंग कर रहे है। यह कार्य पूरी तरह निशुल्क है।
बुधवार को मंगलीपुरवा मोहल्ला में मीटरों की शिफ्टिंग का काम हो रहा था। तमाम घरों में मीटरों को लगाने के बाद दोनों कर्मी हरिराम पांडेय और गोविंद प्रताप के घर पहुंचे। आरोप है कि कर्मियों ने पहले तो मीटर की सील तोड़ दी। इसके बाद नया मीटर लगाने के लिए रुपये मांगने लगे। विरोध पर धक्कामुक्की के बाद मारपीट शुरू हो गई। तब तक आसपास के लोग आ गए।
भीड़ ने कर्मियों को दौड़ाकर पीटा। इसके बाद उपभोक्ताओं ने सीढ़ी को सड़क पर डालकर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे के बाद रेलवेगंज पुलिस चौकी इंचार्ज अरुणेश कुमार गुप्ता और अवर अभियंता केपी सिंह मौके पर पहुंचे। उनके समझाने पर जाम खुला।
दो उपभोक्ताओं के खिलाफ तहरीर
मंगलीपुरवा में हुई घटना के मामले में कर्मियों ने दो उपभोक्ता हरिराम पांडेय और गोविंद प्रताप के खिलाफ तहरीर दी गई है। अवर अभियंता केपी सिंह ने बताया कि उपभोक्ताओं ने विभागीय कार्य में बाधा उत्पन्न की है। यदि कर्मियों ने पैसा मांगा था तो उसकी शिकायत की जानी चाहिए। जिसकी भी गलती होगी कार्रवाई की जाएगी-सत्येंद्र पांडेय, उपखंड अधिकारी बिजली