पाली थाना क्षेत्र के ग्राम रमापुर लाल निवासी एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार शाम उसका शव घर के एक कमरे में फांसी पर लटकता मिला। पिता ने दामाद पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
ग्राम रमापुर निवासी रामप्यारी (28) के पिता रामपाल निवासी ग्राम सेमरा पुरसौली थाना अरव ने बताया कि बेटी की शादी पांच साल पहले छोटेलाल से की थी। छोटेलाल शराब व जुए का आदी है। शादी के बाद से वह रामप्यारी के साथ मारपीट करने लगा था। उसने छोटेलाल को समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई असर नहीं पड़ा। उन्होंने दामाद पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।