सुरसा (हरदोई)। थाना क्षेत्र के पेंग गांव के मजरा गुरई पुरवा में बुधवार को संदिग्ध हालात में महिला का शव कमरे में फंदे से लटकता मिला। महिला ने आठ माह पहले लव मैरिज की थी। मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगा पुलिस को तहरीर दी। थाना इंचार्ज ने बताया की तहरीर के आधार पर पति समेत तीन के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सांडी थाना क्षेत्र के रसूलपुर गोवा गांव निवासी जगदीश की पुत्री सविता ने पिता की मर्जी के बगैर आठ माह पहले गुरई पुरवा निवासी देवेश के साथ शादी की थी। बुधवार को देवेश ने सूचना दी कि सविता ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जगदीश गांव के कुछ लोगाें के साथ सविता की ससुराल पहुंचे। उन्हें कमरे में कुंडी से सविता का शव लटकता मिला। लव मैरिज के दो माह बाद सविता ने माफी मांगी थी। आरोप है कि ससुराली जन बाइक के लिए सविता को प्रताड़ित करते थे। जगदीश ने बताया कि गुरई पुरवा और रसूलपुर गांव के बीच का फासला पांच किलोमीटर का है। जगदीश की सूचना पर पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। थाना प्रभारी राजीव चौधरी ने बताया कि पिता की तहरीर पर देवेश समेत तीन लोगाें के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।