हरदोई। कोतवाली देहात अंतर्गत हरदोई सीतापुर रोड पर आशा गांव के पास शनिवार की देर शाम आईटीआई के छात्र अशोक कुमार का शव मिला था। उसके पास से गांव निवासी एक युवती के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के प्रमाण-पत्र मिले थे। शनिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक के पिता ने किसी भी आरोप से इंकार किया है। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर मौजूद लोगाें में चर्चा थी कि मौत की वजह प्रेम प्रसंग हो सकती है।
अशोक कुमार (23) पुत्र राम स्वरूप निवासी इटौली कोतवाली बिलग्राम दो माह से कोतवाली शहर के लखनऊ रोड स्थित नवीन फल मंडी के पास तीन अन्य दोस्तों के साथ किराये के कमरे में रह रहा था। पिता राम स्वरूप के अनुसार वह आईटीआई कालेज में फेब्रिकेशन का कोर्स कर रहा था। उसके साथ तीन अन्य दोस्त जगतपाल, रामवीर व अवनीश राजपूत रहते थे। राम स्वरूप का कहना है कि एक सप्ताह पूर्व वह गांव से हरदोई आया था। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण गुरुवार से उसने मंडी में सब्जी बेचने का काम शुरू किया था।
जगतपाल निवासी खेरौली का कहना है कि शुक्रवार को वह चला गया था, तथा रामवीर, अशोक व अवनीश कमरे पर रुके थे। अवनीश का कहना है कि शनिवार की सुबह नौ बजे मंडी से सब्जी बेचकर आने के बाद अशोक अपने गांव जाने की बात कहकर निकला था। लगभग दो बजे अशोक कमरे पर आया, तथा अपने बैग से कुछ प्रपत्र निकाल कर जरूरी काम से जाने की बात कहकर चला गया था।
उसके मुताबिक वह काफी हड़बड़ी में दिख रहा था। इसके बाद देर शाम उसका शव आशा गांव के पास मिला था। तलाशी में इटौली गांव की ही एक युवती के इंटर व हाईस्कूल के प्रमाण-पत्र मिले थे। यह भी बताया जा रहा है कि उसका मोबाइल गायब है। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर मौजूद ग्रामीणों में चर्चा थी कि प्रेम प्रसंग छात्र की मौत का कारण रहा है। फिलहाल मौत किस वजह से हुई इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।