हरदोई। लोनार पुलिस ने ढाई लाख की चोरी के आरोपी को तलाशने के लिए प्रधान व कोटेदारों से मदद मांगी है। प्रधान व कोटेदारों को चोरी के आरोपी के फोटो भेजे गए हैं। गुरुवार को बावन की बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में रुपये जमा करने आए सतौली निवासी किसान क ा रुपयों से भरा बैग एक अधेड़ ले गया था। जिसकी पहचान बैंक के सीसीटीवी में कैद हुई थी।
लोनार थाना क्षेत्र के सतौली निवासी श्रीराम की पत्नी चंद्रावती का बावन कस्बा की बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में केसीसी कार्ड बना है। गुरुवार को श्रीराम पत्नी के साथ दो लाख 51 हजार रुपये बैंक में जमा करने आया था। चंद्रावती लाइन में लगी थी और श्रीराम उसके करीब खड़ा था। धक्का मुक्की के दौरान श्रीराम क ा रुपयों वाला बैग गिर गया था।
जिसको लाइन में लगी एक वृद्धा के साथ आया अधेड़ चुरा ले गया था। जिसकी रिपोर्ट श्रीराम ने थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस की पड़ताल में बैंक के सीसीटीवी फुटेज में चोर की पहचान हुई थी। लेकिन चोरी के आरोपी के नाम पते व गांव की जानकारी नहीं हुई थी। चोर की पहचान के लिए पुलिस ने ग्राम प्रधान व कोटेदारों से मदद मांगी है।
थाना प्रभारी एके राय ने बताया कि बैंक से मिले सीसीटीवी फुटेज से चोर की फोटो निकलवाई है। फोटो सभी ग्राम प्रधान व कोटेदारों को भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही चोरी के आरोपी की पहचान कर ली जाएगी।