हरदोई। पुलिस ने लुटेरों के गैंग के चार सदस्यों को रविवार रात दबोच लिया। सरगना सहित तीन सदस्य फरार हैं। ये जिले भर में घूम-घूम कर चोरी, चेन स्नैचिंग और लूट की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने लुटेरों के पास से दो टैबलेट, तीन मोबाइल, चेन का टुकड़ा, दो एटीएम, नौ हजार और चार तमंचे बरामद किए हैं।
एसपी उमेश कुमार सिंह ने सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में बताया कि 27 जून को सांडी थाना क्षेत्र के नौसाहरा गांव निवासी शेखर पुत्र इंद्रलाल देर रात बाइक से साथी नर्सिंग के साथ हरदोई से घर लौट रहा था। बघराई के पास बदमाशों ने दोनों को बंधक बनाकर 15 सौ रुपये, टैबलेट, मोबाइल, एटीएम कार्ड लूट लिया था। बदमाश नर्सिंग को बंधक बनाकर शेखर के साथ हरदोई के नुमाइश चौराहा पर लगे एटीएम से रुपये निकाल ले गए थे। बदमाशों ने सांडी के संध्या पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल डलवाया था। इससे पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में उनकी फोटो कैद हो गई थी।
एसपी ने बताया कि पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में मिले फुटेज के आधार पर दो बदमाशों की पहचान हुई थी। इसी के चलते पुलिस टीम ने रविवार को चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। बदमाशों ने अपने तीन अन्य साथियों को वारदात में शामिल होना स्वीकार किया है। गिरफ्तार किए गए चारों बदमाश सांडी थाना क्षेत्र के हैं। इनमें गुफरान पुत्र अकबर, हसीब पुत्र खुर्शीद निवासी मोहल्ला काजी टोला, शबाब उर्फ सलमान पुत्र तहव्वर निवासी मोहल्ला पक्के बाग नौसहरा व वीरपाल पुत्र यदुनाथ मोहल्ला ऊंचा टोला शामिल हैं।
शिक्षिका से लूटी थी चेन
13 मई को मोहल्ला आलू थोक निवासी शिक्षिका दुकान से सामान लेने गई थी। सामान खरीदकर वह दरवाजा खोल रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके गले से चेन झपट ली थी। उन्होंने जब तक शोर मचाया बाइक सवार बदमाश भाग निकले थे। इस वारदात को अंजाम देने वाला बदमाश सिपाही लाल फरार है, एक बदमाश गिरफ्तार हुआ है।
इन वारदातों को कबूल किया
23 जून को सांडी थाना क्षेत्र के हसोलिया निवासी शिवम अपने भाई के साथ बाइक से हरदोई से गांव लौट रहा था। रास्ते में कुंदरौली पुलिया के पास लघु शंका करने के दौरान दो बाइकों पर सवार चार बदमाश बैग चोरी कर ले गए थे। बैग में 17 हजार 500 रुपये, मोबाइल और जेवरात थे।
माधौगंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला मुरवी पटेल नगर निवासी विमल चंद्र के घर के सदस्य चार मार्च को बाहर गए थे। उनके घर का ताला तोड़कर टैबलेट, मोबाइल व घरेलू सामान चोरी हो गया था।