पिहानी (हरदोई)। सआदतनगर गांव स्थित इलाहाबाद बैंक शाखा से थ्रेसर खरीदने के लिए चालीस हजार रुपये निकाल कर घर लौट रहे बीडीसी सदस्य के भाई को बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे के बल पर लूट लिया। लूट के विरोध में बदमाशों ने उसे तमंचे की बट से प्रहार कर घायल कर दिया। इसी छीनाझपटी में एक बदमाश का मुंह खुल गया। पीड़ित ने उसे पहचानने का दावा किया है। पुलिस बताए गए बदमाश की तलाश कर रही है। कार्यवाहक प्रभारी राजन श्रीवास्तव ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की।
क्षेत्र के अलावलपुर गांव निवासी उदयवीर सिंह ने बताया मंगलवार की शाम साढ़े चार बजे वह इलाहाबाद बैंक की सआदतनगर शाखा से थ्रेसर खरीदने के लिए चालीस हजार रुपये निकाल कर घर लौट रहे थे। सआदतनगर-अलावलपुर मार्ग पर हानताला ताल के पास उन्हें दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों से तमंचे के बल पर रोक लिया और रुपये निकालने का दबाव बनाया।
उसने जब विरोध किया तो बदमाशों ने तमंचे की बट मुंह पर मार दी जिससे वह घायल हो गया। छीनाझपटी में एक का मुंह खुल गया। पीड़ित ने युवक को पहचानने का दावा किया है। रुपये लूट कर युवक सआदतनगर की ओर ही भाग गए। पीड़ित उदयवीर बीडीसी सदस्य अलावलपुर रणवीर सिंह के भाई हैं। उन्होंने कोतवाली पहुंच कर मामले की सूचना पुलिस को दी है।
कार्यवाहक प्रभारी राजन श्रीवास्तव ने बताया कि छानबीन की जा रही है। पहचाने गए युवक के घर पर दबिश दी गई है, लेकिन वह मिल नहीं सका। पीड़ित के एक अन्य भाई रणवीर सिंह ने सूचना लेकर पहुंचने पर पुलिस द्वारा अभद्रता करने का आरोप भी लगाया है। पुलिस के अनुसार मामले की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।