मझिला क्षेत्र के रेउरी गांव निवासी किसान का शव मंगलवार शाम संदिग्ध हालात में टेंपो में पड़ा मिला। उसके सिर में चोट और गले में रगड़ के निशान थे। किसान को गांव का टेंपो चालक घर से बुलाकर लाया था। बेटे ने टेंपो चालक पर हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल परिजनों ने तहरीर नहीं दी है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मझिला थाना क्षेत्र के रेउरी गांव निवासी बंधूलाल (50) पुत्र नंदा खेती करता था। सोमवार को वह गांव के एक टेंपो चालक के साथ घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन की लेकिन कहीं पता नहीं चला। शाम को उसका शव अंतौरा गांव के पास टेंपो में पडे़ होने की सूचना मिली। बेटे आलोक ने बताया कि मंगलवार शाम किसी ने घर पर फोन कर शव पड़े होने की सूचना दी थी। फोन बंधूलाल की बेटी रूबी ने उठाया था। इस पर आलोक परिजनों के साथ अंतौरा गांव पहुंचा।
आलोक के अनुसार पिता के सिर में चोट और गले में रगड़ का निशान था। बेटे की सूचना पर पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल की और बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। आलोक ने टेंपो चालक पर हत्या की आशंका जताई है। थानाध्यक्ष मझिला जावेद अहमद ने परिजनों ने किसी के खिलाफ तहरीर नहीं दी है। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।