कछौना। थाना क्षेत्र के बालामऊ गाजू तिराहा में शनिवार रात दुकान पर लेन-देन के विवाद में दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में जमकर लाठियां चलीं। जिसमें दोनों तरफ के चार-चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां पर दो की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने लखनऊ रेफर कर दिया।
कछौना थाना क्षेत्र के बालामऊ गाजू तिराहा निवासी बैजंती (70) की तिराहे के पास कोल्ड ड्रिंक की दुकान है। शनिवार रात करीब 9 बजे मोहल्ला के ही गोलू (20), अप्पू (21), चिंटू (28), टिंकू (23) ने दुकान पर कोल्ड ड्रिंक पी और रुपये दिए बिना ही जाने लगे।
दुकान पर बैठे रामेश्वर के बेटे सैनू ने रुपये मांगे तो गोलू आदि ने रुपये देने से इनकार करते हुए गालीगलौज शुरू कर दिया। विरोध करने पर गोलू आदि ने मारपीट चालू कर दी। इस पर सैनू ने अपने पक्ष के सावन (28), डुल्लू (21), गुड्डू (20) व किसना (31) को बुला लिया।
इस दौरान दोनों पक्ष के लोग अपने घरों से लाठी-डंडे उठा लाए और एक दूसरे पर हमला कर दिया। मारपीट में एक पक्ष की तरफ से गोलू, अप्पू, चिंटू व टिंकू तथा दूसरे पक्ष की तरफ से सावन, डुल्लू, गुड्डू व किसना घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्ष की तहरीर पर घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया था।
जहां पर टिंकू व चिंटू की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। कोतवाल नजमुल हुसैन नकवी ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मेडिकल जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।