ऊन। बाइक सवार को चार बदमाशों ने खुद को पुलिस वाला बताकर रोक लिया। बदमाशों ने बाइक रुकते ही लूटपाट शुरू कर दी और उससे 14 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कैराना निवासी जाहिद ऊन पुलिस क्षेत्र के गांव हसनपुर में मछली पालन का कारोबार करता है। उसने बताया कि शनिवार की शाम बाइक से झिंझाना के रास्ते कैराना के लियए निकला था।
जैसे ही वह अंबेहटा से पुरमाफी की ओर जा रहा था कि रास्ते में एक बाइक पर चार लोग मिले। चारों ने अपने आप को पुलिस वाला बताते हुए उसको रोक लिया। बाइक रुकते ही बदमाशों ने उसके साथ मारपीट कर दी और जेब में रखे 14 हजार रुपये लूट लिए।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है, जबकि पुलिस घटना की जानकारी से इंकार कर रही है।
बदमाशों ने महिला से कुंडल छीने
झिंझाना । गांव अजीजपुर निवासी नगीना रविवार को अपनी परचून की दुकान पर बैठी थी। इसी वक्त पल्सर बाइक पर पहुंचे दो युवकों ने उससे पांच रुपये की नमकीन देने के लिए कहा।
जब महिला ने नमकीन देनी चाही तो युवक उसके कानों से सोने के कुंडल झपट कर फरार हो गए। महिला ने शोर मचाया तब तक दोनों बदमाश दूर जा चुके थे। महिला ने झिंझाना पुलिस को तहरीर दी है। उधर, पुलिस ने मामले को संदिग्ध बताते हुए जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।