तीसरे चरण के मतदान के दौरान कई जगह पर हिंसा हुई। विकास खंड बावन के
महोलिया शिवपार में तो फर्जी मतदान को लेकर हुए विवाद में दो गांवों के
लोगों ने एक दूसरे पर लाठी डंडों से हमला कर दिया और पथराव हुआ। करीब एक
घंटे तक उपद्रव होता रहा। इसमें कई लोगों को चोटें आई। पुलिस कर्मी तो
मूकदर्शक बने रहे लेकिन फोर्स पहुंचने के
बाद स्थिति काबू में आई। पुलिस ने
कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया। विकास खंड बावन की ग्राम सभा महोलिया
शिवपार में शनिवार को फर्जी मतदान को लेकर जमकर बवाल हुआ। प्राथमिक
विद्यालय महोलिया शिवपार में पोलिंग बूथ संख्या 43, 44, 45 और 46 पर सुबह
से मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चलता रहा लेकिन अचानक दिन में करीब पौने
11 बजे
दो युवकों में फर्जी मतदान को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। युवक नसीर और शोएब
वोट डालने आए थे। शोएब ने नसीर पर कई बार वोट डालने का आरोप लगाया। इसको
लेकर दोनों में पहले तो कहासुनी शुरू हुई। उसके बाद धक्कामुक्की होने लगी।
इसमें नसीर की पत्नी के चोट आने पर बात बढ़ गई। तभी मढ़िया गांव के तमाम
लोग
लाठी-डंडों से लैस होकर आते दिखाई दिए। जिस पर महोलिया शिवपार से भी
तमाम लोगों ने लाठी डंडे निकाल लिए। दोनों पक्षों की ओर से पहले तो लाठियां
चटकीं। उसके बाद पथराव शुरू हो गया। इसमें कई के सिर फटे और मामूली चोटें
आईं। पोलिंग बूथ पर तैनात सुरक्षा कर्मी मूकदर्शक बने देखते रहे। बलवा करीब
एक घंटे तक चलता रहा और
पुलिस फोर्स आने के बाद लोग तितर बितर हुए। इस
मामले में देहात कोतवाली पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया। अपर
पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ के
बाद कार्रवाई की जाएगी।
पीएसी ने किया फ्लैग मार्च
महोलिया शिवपार में फर्जी मतदान को लेकर काफी बवाल हुआ। जिसके बाद लोगाें
को तितर बितर करने तथा शंातिपूर्ण मतदान कराने के लिए पीएसी बुलानी पड़ी।
दोपहर करीब एक बजे पीएसी पहुंची, जिसने महोलिया शिवपार की सड़कों पर फ्लैग
मार्च किया। जिसके बाद शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न कराया जा सका।