जिला अस्पताल स्थित मर्चरी के बाहर रोते बिलखते मृतकों के परिजन और रिश्तेदार।
- फोटो : अमर उजाला
बरेली से आ रही कार बुधवार देर रात आगे चल रहे कंटेनर में जा घुसी। ब्रेकर पर कंटेनर उझलने पर कार छूटकर खंती में जा गिरी। हादसे में बरेली जिले के मामा व भांजे की मौत हो गई और दंपति व उनका एक बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों घायलों को परिजन बरेली ले गए हैं। इधर, हादसे के बार कंटेनर लेकर चालक फरार हो गया। बरेली के मोहल्ला पुलिस लाइन निवासी सरमोद (35) पुत्र श्रीराम के साढ़ू अमरपाल शर्मा लोनार थाना क्षेत्र के महरेपुर गांव में रहते हैं।
बुधवार क ो अमरपाल के बेटे सूर्यांश का जन्मदिन था। कार्यक्रम में शामिल होने सरमोद परिवार के साथ कार से महरेपुर आ रहा थे। रात करीब 11 बजे ये लोग बरेली से निकले थे। कार सरमोद का साला के फरीदपुर (बरेली) के पारा निवासी रामू (27) पुत्र मदनपाल चला रहा था। कार में सरमोद की पत्नी गुड़िया (32), पुत्र यश (10), आदित्य (8) भी थे। रूपापुर को क्रास करने के बाद कार आगे चल रहे कंटेनर से जा घुसी। कंटेनर के पिछले हिस्से में फंसी कार कई किलोमीटर दूर वृंद्धावन चौराहे तक घिसटती रही।
चौराहे पर ऊंचे ब्रेकर में कंटेनर का पिछला हिस्सा उछला। इससे कार कंटेनर से छूटकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। चालक कंटेनर लेकर भाग निकला। करीब 12 बजे सांडी एसओ अल्ताफ रजा अंसारी उधर से गश्त पर निकले। पुलिस की जीप देखकर वृंदावन तिराहे के पास ढाबे पर मौजूद एक व्यक्ति दौड़ा। उसने बताया कि कंटेनर एक कार को घसीटता हुआ लाया है, कार खंती में पड़ी है। इस पर सांडी एसओ मौके पर पहुंचे और कार में फंसे छह लोगों को बाहर निकाला।
एसओ ने लोनार थाने के हलका दरोगा को फोन लगाया लेकिन फोन नहीं उठा। इस पर सांडी एसओ ने अपने थाने फोर कर वायरलेस से संदेश प्रसारित करवाया। करीब 12:20 बजे लोनार पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल भेजा। डाक्टरों ने रामू और आदित्य को मृत घोषित कर दिया। सरमोद, गुड़िया और यश को गंभीर हालत के चलते लखनऊ रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंचे अमरपाल तीनों घायलों को बरेली ले गए। गुरुवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया। थाना प्रभारी एके राय ने बताया कि पीड़ित पक्ष से अभी तहरीर नहीं मिली है।