शहर कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने बाइक के शोरूम को निशाना बनाया और नकदी न मिलने पर तोड़फोड़ की। घटना से दुकानदारों में रोष व्याप्त है। दुकानदारों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सांडी रोड़ निवासी अतुल अग्रवाल का वान चुंगी के पास बाइक का शोरूम है। गुरुवार को वह शोरूम बंद कर घर गए थे। रात में शोरूम के पास खाली पड़े प्लाट की तरफ से चोर खिड़की की जाली तोड़ कर अंदर घुसे। चोरों ने शोरूम में रखी अलमारियों के ताले तोड़ कर नकदी की तलाश की मगर नकदी नहीं मिली। इसके बाद चोरों ने तोड़फोड़ की।
सुबह जब शोरूम खोला गया तो अंदर का नजारा देख कर सभी सन्न रह गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। कोतवाल सुजीत दुबे मौके पर पहुंचे और घटना की जांच पड़ताल की। शोरूम मालिक अतुल अग्रवाल ने बताया कि चोर शोरूम से कुछ भी नहीं ले जा सके। वह शायद नकदी की तलाश में थी जो उनको मिली नहीं। कोतवाल सुजीत दुबे ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस प्रशासन की ओर से लगातार व्यापारियों की बैठक कर संस्थान में सीसी टीवी कैमरे लगवाने पर जोर दिया जा रहा है और उनको सही रखने के लिए भी कहा गया है। मगर बाइक के शोरूम में जो सीसी टीवी कैमरे लगे थे। वह खराब थे। इससे चोरों की पहचान करने में पुलिस को दिक्कत आ रही है। शोरूम मालिक ने बताया कि लखनऊ की कंपनी ने कैमरे लगाए थे। उसे दुरुस्त करने के लिए कहा गया है।
शहर में चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। शहर में आए दिन चोर घरों व दुकानों को अपना निशाना बना रहे है। मगर पुलिस उन चोरों तक नहीं पहुंच पा रही है। चोरों ने तीन माह में चोरी की सोलह घटनाएं की है।
चोरी की घटना रोकने के लिए थाना इंचार्जों को जिम्मेदारी दी गई है। घटना के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच की टीम भी लगाई गई है। शीघ्र ही चोर पकड़े जाएंगे। उमेश कुमार सिंह, एसपी