पुलिस टीम के साथ गिरफ्तार किए गए हत्यारोपी।
- फोटो : अमर उजाला
संडीला। मांझगांव में नहर के किनारे सप्ताह भर पहले मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने दो हत्यारोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि युवक की हत्या उसके सगे भाई ने 40 हजार रुपये की सुपारी देकर कराई थी। युवक के अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध होने के चलते भाई ने उसका कत्ल करा दिया।
मंगलवार को सीओ चरन सिंह ने कोतवाली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि इस मामले में सोमवार की रात परमानंद व सतेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है, एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि मांझगांव में नहर के पास 18 अप्रैल को पुलिस ने एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया था।
बाद में उसकी शिनाख्त आनंद कुमार (35) निवासी गोबरा थाना औरास जिला उन्नाव के रूप मे हुई थी। इस मामले में मृतक की पत्नी उमा देवी ने 20 अप्रैल को अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक डीपी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच की तो पता चला कि आनंद कु मार के सगे भाई परमानंद की पत्नी से अवैध संबंध थे।
कई बार उसने परमानंद के सामने ही पत्नी से छेड़छाड़ की थी। इसको लेकर परमानंद ने अपने भाई का कत्ल कराने के लिए गांव सरवा निवासी अनूप सिंह को 40 हजार रुपये की सुपारी दी थी। अनूप ने सुनियोजित योजना के तहत 17 अप्रैल को आनंद को फोन से संडीला बस स्टैंड पर बुलाया।
उसके बाद सतेंद्र सिंह निवासी सरवा व नवाब अली निवासी हजियापुर के सहयोग से उसे बस स्टैंड संडीला से ढिकुन्नी ले गए। वहां से शराब पिलाने के बाद मांझगांव में नहर की पुलिया पर लाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार की रात परमानंद व सतेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं एक आरोपी की तलाश की जा रही है। सीओ चरन सिंह ने बताया कि पुलिस अनूप सिंह को तलाश रही है, जो हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ कई मामले विचाराधीन हैं।