हरियावां। थाना क्षेत्र के हरदोई पिहानी रोड पर जतुली गांव के पास शुक्रवार को बाइक सवार बदमाशों ने एक सिगरेट कंपनी के सेल्समैन की आंखों में स्प्रे डालकर रुपये व सिगरेट के बाक्स लूट लिए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।
देहात क ोतवाली के चितराई पुरवा के मजरा रारा निवासी धनीराम का बेटा संजीव (30) सिगरेट कंपनी केकी एजेंसी में सेल्समैन है। शनिवार को वह बाइक से सिगरेट के बाक्स लेकर पिहानी की तरफ जा रहा था। हरियावां थाना क्षेत्र में हरदोई पिहानी रोड पर जतुली गांव के पीछे से एक बाइक पर सवार दो बदमाश आए। बदमाशों ने उसके नजदीक जाकर कोई तरल पदार्थ उसकी आंखों में स्प्रे कर दिया। इससे उसकी आंखों में तेज जलन होने लगी।
इस पर उसने बाइक रोड के किनारे रोक दी। उसके बाइक रोकते ही बदमाशों ने उसकी जेब से 25000 रुपये व सिगरेट के आठ बाक्स लूट कर भाग गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने संजीव को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां पर हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। बदमाशाें की तलाश की जा रही है। अभी उनको तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।