हरपालपुर। कोटे के चुनाव में बीडीओ, दरोगा और अन्य अधिकारियों से मारपीट के मामले में गिरफ्तार दो लोगों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की तलाश में छापामारी की जा रही है। मामले में आठ लोग नामजद हैं और 50 अज्ञात को आरोपियों बनाया गया है।
श्रीमऊ गांव में बुधवार को कोटेदार के चुनाव के लिए खुली बैठक हुई थी। इसमें बीडीओ सांडी हीरालाल मिश्र, एडीओ कोआपरेटिव, ग्राम पंचायत अधिकारी राममूर्ति वर्मा, अरवल थाने के दो एसआई व चार सिपाही मौजूद थे। कोटे के लिए गांव की राधा देवी पत्नी राजेश कुमार और बब्ली सिंह पत्नी धीरू सिंह प्रत्याशी थी। चुनाव में राधा देवी 16 वोटों से जीत गईं।
चुनाव में अनियमितता का आरोप लगाकर धीरू सिंह और उनके समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि बीडीओ, दरोगा को बंधक बनाकर हाथापाई कर दी। मारपीट में एक दरोगा की वर्दी फट गई। सूचना पर एसओ रनवीर यादव फोर्स के साथ गांव पहुंचे और धीरू सिंह व अंकित सिंह को दबोच लिया। ग्राम पंचायत अधिकारी की तहरीर पर आठ नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ मारपीट, बलवा और सरकारी कार्य में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। गौरतलब है कि कोटेदारी के चुनाव में शेखपुर में एसडीएम व सीओ की मौजूदगी में जमकर हंगामा हुआ था।