फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चाकुओं से गोदकर युवक की हत्या, बंधे के नीचे मिला शव

विज्ञापन
विज्ञापन
शाहाबाद (हरदोई)। फोन पर कॉल आने पर घर से निकले युवक की सोमवार देर शाम चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। उसका शव शाहाबाद बासितनगर मार्ग पर बंधे के नीचे पड़ा मिला। पोस्टमार्टम से जुड़े सूत्रों के अनुसार उसके शरीर पर 19 घाव मिले हैं। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या कर शव फेंकने की रिपोर्ट दर्ज की है। एसपी आलोक प्रियदर्शी का कहना है कि जिस तरह से हत्या की गई है, उससे लग रहा है कि मामला आशनाई से जुड़ा है। आखिरी कॉल में ही युवक की हत्या का राज छिपा है। मोबाइल गायब है, सर्विलांस टीम को सक्रिय कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
विज्ञापन

शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नेवादा निवासी सचिन उर्फ भालू (25) पुत्र स्व. फूलचंद्र किसान था। परिजनों ने बताया कि सोमवार देर शाम मोबाइल पर कॉल आने पर सचिन बाइक लेकर गया था। देर रात तक घर न पहुंचने पर उसके भाई ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह सचिन का भाई संतराम परिजनों के साथ फिर उसे तलाश करने निकला तो उसकी बाइक शाहाबाद बासितनगर नगर पर स्थित बंधे के ऊपर खड़ी मिली। बंधे के नीचे झाड़ियों में सचिन का खून से लथपथ शव मिला। सीओ उमाशंकर सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों से पूछताछ की। एसपी पश्चिमी त्रिगुण विसेन ने भी जानकारी ली। विश्वस्त सूत्रों की मानें तो पोस्टमार्टम में सचिन के चेहरे पर चाकू से 10 वार और सीने पर पांच वार किए जाने के निशान हैं। पेट में 10 सेंटीमीटर गहरा घाव मिला है। पेट के दाहिनी ओर और दोनों हाथों में भी चाकू के निशान मिले हैं। भाई की तहरीर पर शाहाबाद कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बेटे के नामकरण की जगह मचा कोहराम
शाहाबाद (हरदोई)। सचिन उर्फ भालू का विवाह डेढ़ वर्ष पूर्व शाहजहांपुर जनपद के पुवायां थाना क्षेत्र के ग्राम ररुइया निवासी गिरीशा के साथ हुआ था। आठ दिन पहले ही गिरीशा ने पुत्र को जन्म दिया था। मंगलवार को नवजात का नामकरण संस्कार होना था। इसकी तैयारियां भी कर ली गईं थीं। परिवार में एक छोटी दावत का भी आयोजन था। विश्वस्त सूत्रों की मानें तो सोमवार शाम जब सचिन फोन आने पर घर से गया था तो यही कहा था कि कुछ सामान रह गया है और वही लेने जा रहा है। कौन जानता था कि वह वापस नहीं आएगा और जहां बेटे को नाम मिलना था वहां कोहराम मच जाएगा। सचिन पांच भाइयों में सबसे छोटा था। पिता की मौत हो चुकी है। हत्या की जानकारी से सचिन की मां मोरकली बदहवास हो गई तो पत्नी भी बिलख पड़ी।
विज्ञापन
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें