हरदोई। काशीखेड़ा गांव निवासी विवाहिता ने सोमवार शाम घर में खुद को जिंदा जला लिया। परिजन सास से विवाद होने को वजह बता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।
पिहानी थाना क्षेत्र के ग्राम काशीखेड़ा निवासी दीपा (25) पत्नी मुकेश ने सोमवार शाम घर में खुद पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली। जब तक परिजन उसके पास पहुंचे, गंभीर रूप से झुलसी दीपा की सांसें थम गईं थी। ससुर थम्मन ने बताया कि शाम को दीपा, सास गुड्डी और बच्चे घर में थे, जबकि वह लोग खेत गए थे। दीपा का सास गुड्डी से किसी बात पर विवाद हो गया था। इससे नाराज होकर ही उसने खुद को आग लगा ली।
सूचना मिलने के बाद सीतापुर के थाना महोली क्षेत्र के ग्राम रोहिला निवासी दीपा के पिता छोटेलाल परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दीपा की शादी पांच वर्ष पहले मुकेश के साथ हुई थी। उसके एक बेटा और बेटी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल राकेश यादव ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।