हरदोई। स्नैक्स दिलाने के बहाने बालिका को अपने घर ले जाकर युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बालिका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने युवक के विरुद्ध दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज की है।
देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पिहानी मार्ग स्थित एक गांव में पांच वर्षीय बालिका मंगलवार सुबह आठ बजे घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान गांव निवासी मनीष उधर से गुजरा। वह स्नैक्स दिलाने के बहाने बालिका को अपने घर ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। बालिका के चीखने पर युवक उसे छोड़कर भाग गया। किसी तरह बालिका अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना के बारे में बताया। परिजन आरोपी के घर पहुंचे तो वहां खून से सने कपड़े पड़े मिले। वह बालिका को लेकर देहात कोतवाली पहुंचे और घटना की जानकारी प्रभारी निरीक्षक को दी। मामले को संजीदगी से लेते हुए प्रकरण की रिपोर्ट दर्ज करने के साथ आला अधिकारियों को भी घटना से अवगत कराया गया। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी कुंवर ज्ञानंजय सिंह और सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने भी देहात कोतवाली पहुंचकर जानकारी ली। सीओ सिटी ने बताया कि मनीष के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बालिका को मेडिकल के लिए भेजा गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।