अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। पचदेवरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव निवासी व्यक्ति ने पांच लोगों के विरुद्ध पुत्री से सामूहिक दुष्कर्म कर उसे पिपरिया पुल पर फेंकने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपियों में तीन सगे भाई, उनके पिता और एक करीबी रिश्तेदार है। पुलिस का कहना है कि पूरा मामला प्रेम प्रसंग का है। जांच की जा रही है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने शनिवार रात थाने में तहरीर दी। बताया कि उसके गांव के ही रामबहोरे, उनके तीन पुत्र विनय कुमार, आदेश कुमार और नरेश कुमार के साथ शाहजहांपुर जनपद के निगोही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम त्योरी निवासी नीरज पुत्र भगवानदीन 28 अगस्त को गांव में थे। उसकी 18 वर्षीय पुत्री शौच के लिए जा रही थी। तभी यह लोग दो बाइक पर सवार होकर आए और पुत्री को उठाकर ले गए। अपने घर में बंद कर आरोपियों ने उसकी पुत्री के साथ दुष्कर्म किया। 29 अगस्त को सुबह पिपरिया पुल पर फेंककर चले गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांचों आरोपियों के विरुद्ध दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर ली। थानाध्यक्ष एमपी सिंह का कहना है कि जिस युवती के साथ दुष्कर्म की बात कही जा रही है, उसके प्रेम संबंध एक आरोपी युवक के साथ हैं। आरोपी के साथ उक्त युवती घर से भाग गई थी। युवकों ने उसे तलाश कर वापस घर भेज दिया था। पूरे मामले की जांच किए जाने की बात थानाध्यक्ष ने कही है।
पांच लोगों पर गैंगरेप की रिपोर्ट
- आरोपियों में पिता और तीन पुत्र शामिल
- पुलिस बोली, प्रेम प्रसंग का है मामला