मल्लावां। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बिल्हौर-कटरा मार्ग पर चुंगी नंबर एक के निकट प्लाट पर कब्जे के विवाद में भाजपा नेता और विरोधी पक्ष में मारपीट व फायरिंग हो गई। घटना में दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए। भाजपा नेता की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की है।
भाजपा के नगर महामंत्री अनिल गुप्ता का पेट्रोल पंप कटरा-बिल्हौर राजमार्ग पर चुंगी नंबर एक के पास है। इसके नजदीक स्थित प्लाट पर भाजपा नेता अनिल गुप्ता और रामकुमार पुत्र गेंदनलाल निवासी गोवर्धनपुर कब्जा जमाना चाहते हैं। प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है। शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे अनिल गुप्ता की मौजूदगी में जेसीबी से प्लाट में खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान रामकुमार वहां पहुंच गए और कार्य बंद करने को कहा। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया और लाठी डंडे चल गए। दोनों पक्षों से हवाई फायरिंग भी हुई। इस दौरान पंप पर पेट्रोल लेने गए फत्ते सिंह निवासी शहाबुद्दीनपुर और अनिल गुप्ता घायल हो गए। दूसरे पक्ष से रामकुमार, सुशील, सुबोध और आशीष भी जख्मी हो गए।
पुलिस ने अनिल गुप्ता और फत्ते सिंह का मेडिकल कराया। दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अनिल गुप्ता निवासी बाजीगंज ने रामकुमार, उनके पुत्र सुबोध, भतीजे आशीष पुत्र गंगाशरण व राजू पुत्र जगदीश निवासी गोवर्धनपुर के विरुद्ध मारपीट और तमंचे से फायर करने की तहरीर दी है। कोतवाल सतेंद्र सिंह ने बताया कि चारों लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। उधर दूसरी ओर रामकुमार ने दावा किया कि उन्होंने अनिल गुप्ता, उनके पुत्र हर्षित, भाई अर्पित गुप्ता व साढ़ू के पुत्र आदेश निवासी गोवर्धनपुर के विरुद्ध रायफल, बंदूक व रिवाल्वर लेकर मारपीट करने और जानलेवा हमला करने की तहरीर दी है। जबकि पुलिस का कहना है कि रामकुमार ने कोई तहरीर नहीं दी है।