शाहाबाद। शेखापुर निवासी बैंक उपभोक्ता ने अज्ञात पर धोखे से एटीएम कार्ड बदलने और खाते से दो बार में 34 हजार रुपये निकालने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मंगलवार को कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शेखापुर निवासी सईक पुत्र लियाकत ने बताया कि नगर की स्टेट बैंक में उसका बचत खाता है। दो दिन पहले वह ब्लॉक चौराहे के पास स्थित एटीएम बूथ से रुपये निकालने गया था। मशीन में कार्ड नहीं लगा, इस पर मदद करने के नाम पर वहां खड़ा व्यक्ति उसका कार्ड देखने लगा। बताया कि बात ही बात में युवक ने उसका कार्ड बदल लिया। इसके बाद वह वहां से चला गया। सईक ने बताया कि इसके कुछ ही देर बाद उसके खाते से 20 हजार रुपये निकाल लिए गए। बाद में उसके खाते से 14 हजार रुपये ट्रांसफर हो गए। सईक ने बताया कि उसने मामले की शिकायत बैंक में की, लेकिन बैंक अधिकारी कुछ भी नहीं बता सके। कोतवाल जितेंद्र ओझा ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।