अमर उजाला ब्यूरो
कछौना। कछौना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम समसपुर में पंचायत चुनाव की रंजिश में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान चाकू-छुरे भी चल गए। इसमें तीन लोग घायल हो गए। प्रधानपति पर बंधक बनाकर पीटने का आरोप भी है। पुलिस ने दोनों पक्षों से तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के समसपुर निवासी महेंद्रपाल पुत्र गयाप्रसाद रविवार देर शाम घर के बाहर गांव निवासी राधेलाल पुत्र छविनाथ के साथ बैठे थे। आरोप है कि इसी दौरान ग्राम प्रधान साजिदा के पति मोहम्मद अमजद पुत्र लतीफ, भाई नफीस हफीज और चचेरा भाई मुनीष आ गए। लाठी से पीट दिया। चाकू से हमला कर महेंद्रपाल को घसीटकर अपने घर ले गए।
राधेलाल की मानें तो घर में आरोपियों ने उसके हाथ बांधकर रॉड और डंडों से पिटाई की। राधेलाल पर भी चाकू से हमला कर दिया। शोरगुल सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए तो प्रधान ने महेंद्रपाल को छोड़ दिया। रात में ही उसने कोतवाली में सूचना दी। पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उपचार के लिए भेज दिया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने महेंद्रपाल की तहरीर पर आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उधर दूसरी ओर ग्राम प्रधान के पति मोहम्मद अमजद ने कोतवाली में तहरीर दी है। बताया कि महेंद्र और उसके तीन अज्ञात साथियों ने रात में उसे रोक लिया। लात घूंसों से उसकी पिटाई कर दी। शोर सुनकर भाई नफीस हफीज पहुंच गया। इस पर महेंद्र ने रॉड से हमला कर उसे घायल कर दिया। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र मोहजन सरोज ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
प्रधानपति सहित तीन पर मारपीट का आरोप, रिपोर्ट
- दूसरे पक्ष ने भी दी तहरीर