हरदोई। नववर्ष के प्रथम दिन अधिकतर थानों में जीडी (जनरल डायरी) की शुरुआत गुडवर्क से हुई। किसी ने तमंचे के साथ आरोपी को पकड़ा तो किसी ने शराब बरामद कर गुडवर्क दर्ज किया।
शाहाबाद कोतवाली पुलिस ने ग्राम अल्हापुर निवासी श्यामाचरण पुत्र परागू व सलीम पुत्र इतवारी को पांच-पांच लीटर शराब के साथ गिरफ्तार कर जीडी की शुरुआत की। पिहानी कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र के जमुनहरा गांव निवासी शंभू पुत्र उमराव को शराब बनाते पकड़ा। उसके पास से दस लीटर देसी शराब, लहन व शराब बनाने के उपकरण बरामद किए। रिपोर्ट दर्ज की गई है। अरवल थाने में ग्राम ब्राह्मणपुरवा मजरा दहेलिया गांव निवासी घनश्याम पुत्र रामप्रकाश को तमंचे के साथ गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से दो कारतूस भी बरामद हुए हैं।
मल्लावां कोतवाली पुलिस ने शेरा पुत्र द्वारिका निवासी देबीपुरवा को तमंचे व एक कारतूस के साथ गिरफ्तार कर कार्रवाई की। सांडी पुलिस ने ग्राम नेकपर हातिम में शराब बनाते रामनरेश पुत्र मुनीराज को पकड़ा। उसके पास से दस लीटर शराब व उपकरण और ग्राम मुरोली कठेरियान मोड़ पर सुरेश पुत्र मिश्रीलाल को दस लीटर कच्ची शराब के साथ पकड़ा गया।
बेहटागोकुल पुलिस ने ग्राम जिहा में कुछ दिन पूर्व हुई चोरी के आरोपी ग्राम खेरिया निवासी श्याम सिंह उर्फ बद्दर पुत्र तेजराम को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर चोरी गए जेवर, सामान और दो हजार रुपये बरामद किए। उसके पास से तमंचा और कार भी बरामद हुई। इसके अलावा 24 दिसंबर से लापता किशोरी को भी तलाश लिया गया। कछौना कोतवाली पुलिस ने गोवध के आरोपी बबलू, जुनैद व अनीस के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की है। तीनों के विरुद्ध तीन मुकदमे गोवध की धाराओं में कछौना में दर्ज हैं।