हरपालपुर(हरदोई)। अरवल थाना क्षेत्र के अंधैया गांव निवासी युवक ठगी का शिकार हो गया है। फोन से एटीएम कार्ड का पासवर्ड पूछने वाले ने खाते से 46 हजार 7 सौ रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने सोमवार को थाने पहुंच कर तहरीर दी है।
अरवल थाना क्षेत्र के अंधैया गांव निवासी फूलचंद पुत्र पातीराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि हरपालपुर कस्बा स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में बचत खाता है। रविवार को मोबाइल पर एक कॉल आई।
फोन करने वाले ने खुद को बैंककर्मी बताया। उसने एटीएम कार्ड ब्लॉक होने की सूचना दी। एटीएम कार्ड दोबारा चालू करने के बहाने से एटीएम कार्ड का पासवर्ड पूछ लिया। फूलचंद्र ने बताया कि इसके बाद उसके खाते से 46 हजार 700 रुपये निकाल लिए गए। मोबाइल पर रुपये निकाले जाने का मैसेज आने पर जानकारी हुई। अरवल थाने के प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
एटीएम कार्ड का पासवर्ड पूछकर 46 हजार निकाले
- अरवल के अंधैया निवासी युवक से ठगी, तहरीर के बाद पुलिस जांच में जुटी
अमर उजाला