पिहानी। पुलिस ने भोगियापुर गांव में छापा मारकर खेत में चल रही शस्त्र फैक्ट्री पकड़ी है। मौके से असलहे और उपकरण बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
कोतवाल अमर सिंह रघुवंशी ने बताया कि क्षेत्र में असलहा फैक्ट्री चलाने की जानकारी मिली थी। मामला संज्ञान में आने पर एसपी आलोक प्रियदर्शी ने उनके नेतृत्व में टीम का गठन किया। शुक्रवार को पुलिस टीम ने भोगियापुर गांव के पास स्थित गन्ने के खेत की घेराबंदी की और छापा मारकर खेत के अंदर असलहा बना रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अनिल उर्फ भूरा पुत्र अब्दुल्ला निवासी ग्राम रूरा थाना पसिगवां जिला खीरी और दूसरे ने सबूर खां पुत्र फफर खां निवासी ग्राम हूंसेपुर थाना बेहटागोकुल हरदोई बताया। कोतवाल अमर सिंह रघुवंशी ने बताया कि मौके से तीन बने व एक अधबना तमंचा, असलहा बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान व उपकरण बरामद किए हैं।