मऊ। चोरों ने ब्यूटी पार्लर का शटर का ताला तोड़कर लाखों रुपये का माल पार कर दिया। चोर वीडियो कैमरे भी उठा ले गए। दुकानदार ने पड़ोसी दुकानदारों पर शक जताकर थाने में तहरीर दी है।
राजापुर के बरूआ निवासी नीबूल पुत्र सीताराम ने बताया कि लालता रोड पर उसकी पत्नी ब्यूटी पार्लर चलाती है। उसी दुकान से वह वीडियोग्राफी का काम भी करता है। शुक्रवार की सुबह जब वह दुकान पहुंचा तो शटर का ताला टूटा पड़ा था। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान अस्त व्यस्त पड़ा था। कई कैमरे, लैपटॉप, नगदी व ब्यूटी पार्लर की कई सामग्री गायब थी।
चोरी की सूचना मऊ थाने में दी गई। थानाध्यक्ष श्याम प्रताप ने बताया कि चोरी की सूचना पर पुलिसकर्मी मौके पर भेजे गए थे। जल्द ही चोरों को पकड़ा जाएगा। पीड़ित दुकानदार ने बताया कि उसका कुछ दिन पूर्व पड़ोस के कुछ दुकानदारों से उसका विवाद हो गया था। उन्होंने ही यह चोरी कराई है। पीड़ित ने नामजद तहरीर दी है।