ससुराल में युवक की संदिग्ध हालात में मौत
बघौली(हरदोई)। थाना क्षेत्र के गदनपुर गांव में ससुराल आए युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ससुरालीजन घर के अंदर शव रखकर भाग गए। मृतक के परिजनों ने जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के धन्नूपुरवा निवासी निवासी भुट्टू (35) पुत्र नत्थू चंडीगढ़ में मजदूरी करता था। उसकी शादी बघौली थाना क्षेत्र के गदनपुर निवासी आसिया के साथ हुई थी। उसके दो बेटे और दो बेटियां हैं। भाई कल्लू ने बताया कि 25 मई को भुट्टू की पत्नी आसिया युवक के साथ चली गई थी। उसका सुराग नहीं लगा था। वहीं मायके पक्ष के लोग उस पर पत्नी को गायब करने का आरोप लगाते रहते थे। शुक्रवार को ससुर के बुलाने पर भुट्टू चंडीगढ़ से ससुराल आया था। जहां पर रात में खाना खाने के बाद दरवाजे पर सोने चला गया। देर रात उसकी हालत बिगड़ गई। दरवाजे के बाहर वह तड़पता रहा। इसके बाद भी किसी ने दरवाजा नहीं खोला। पड़ोसियों ने दरवाजा खुलवाया। बेहोशी की हालत में उसे निजी क्लीनिक पर ले गए। जहां शनिवार दोपहर उसने दम तोड़ दिया। ससुरालीजन शव घर में रखकर फरार हो गए। रात नौ बजे ग्रामीणों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक के भाई कल्लू ने ससुरालीजनों पर जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। एसओ इरशाद अली ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।