मल्लावां कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को गोसवा नहर पुल पर दो शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी की छह बाइकें बरामद की हैं। शुक्रवार को न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
एएसपी पूर्वी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि मल्लावां के वरिष्ठ उप निरीक्षक धर्मेंद्र प्रताप सिंह गुरुवार को टीम के साथ गोसवा नहर पुल पर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजरे दो बाइक सवार युवक गाड़ी के कागज नहीं दिखा सके। इस पर दोनों को कोतवाली ले जाकर पूछताछ की गई। युवकों ने अपना नाम भूरा उर्फ अश्वनी पुत्र राजेश कुमार निवासी कंथरी और रोहित पुत्र स्व सर्वेश निवासी ग्राम बांसा कोतवाली मल्लावां बताया। उन्होंने बाइक चोरी की होने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने छह बाइकें बरामद कीं। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बरामद की गई बाइकें लखनऊ, कानपुर और कन्नौज के साथ हरदोई से भी चोरी की गईं हैं। अपर पुलिस अधीक्षक ने खुलासा करने वाली टीम में शामिल वरिष्ठ उप निरीक्षक डीपी सिंह, उपनिरीक्षक अरविंद सिंह, सिपाही कन्हैया प्रसाद, राजेश प्रसाद और वसीम अहमद को जल्द पुरस्कृत करने की बात कही है।
नंबर बदल कर ग्रामीण इलाकों में करते थे बिक्री
दोनों शातिरों ने बताया कि वह लोग बाइक चोरी करने के बाद नंबर प्लेट बदल देते थे। ग्रामीण इलाकों में अशिक्षित या कम पढ़े लिखे लोगों को बाइक की बिक्री कर दी जाती थी। इनके एवज में 10 से 15 हजार रुपये तक लिए जाते थे।