संडीला। कस्बे में नगर पालिका के पास स्थित दुकान से साड़ी चोरी कर भाग रही दो महिलाओं को दुकानदार ने पीछा कर पकड़ लिया। खुद को बचाने के लिए महिलाओं ने दुकानदार के हाथ में ब्लेड मारकर घायल कर दिया। आसपास के लोगों ने उनके पास से चोरी की तीन साड़ियां व अन्य दुकान से चुराई गईं दस जींस बरामद की। दुकानदारों ने महिलाओं को पुलिस के हवाले कर दिया।
नगर पालिका के पास स्थित महेंद्र सोनी की दुकान काव्या साड़ी सेंटर पर रविवार सुबह दो महिलाएं खरीदारी करने आईं। बातचीत के दौरान दुकानदार की नजर बचाकर उन्होंने तीन साड़ियां अपने स्टॉल में छिपा लीं। इसके बाद महिलाएं काफी देर तक मोलभाव करती रहीं और बिना खरीदारी किए निकल गईं। इसके बाद साड़ियां रखते वक्त संख्या कम होने पर महेंद्र को शक हुआ तो उसने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की, जिसमें महिलाएं चोरी करती दिखीं। इसपर वह महिलाओं के पीछे भागे और गल्ला मंडी के पास उन्हें रोक लिया।
महेंद्र का कहना है कि उसने महिलाओं से वापस चलने को कहा तो एक महिला ने उसके हाथ में ब्लेड मार दी, जिसमें वह चुटहिल हो गया। महेंद्र ने बताया कि महिला झगड़े पर आमादा हो गईं, इससे आसपास के लोग मौके पर आ गए। तलाशी के दौरान महिला के पास से दुकान से चुराई गई तीन साड़ियां बरामद की गईं। यही नहीं महिला के पास मिले झोले में एक दुकान से चुराई गई दस जींस भी मिली। महिलाओं ने बताया कि वह शाहजहांपुर की रहने वाली हैं और इससे पहले भी कई बार कस्बे में आ चुकी हैं। पुलिस मौके पर पहुंच गई। दुकानदार ने दोनों महिलाओं को पुलिस के हवाले कर दिया। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि महिलाओं से पूछताछ की जा रही है।