बिलग्राम (हरदोई)। बकाया वसूली के लिए तहसील क्षेत्र के ग्राम धोंधी गई राजस्व विभाग की टीम पर बकाएदार ने तमंचे से फायर कर दिया। राजस्व टीम में शामिल कर्मचारियों ने गाली गलौज कर सरकारी अभिलेख फाड़ दिए। राजस्व संग्रह अमीन की तहरीर पर सांडी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बिलग्राम तहसील क्षेत्र के ग्राम धोंधी निवासी अमरेश बाजपेई पर एक लाख 54 हजार 760 रुपये और ब्याज की बकाएदारी पर राजस्व की टीम गुरुवार को गांव भेजी गई थी। टीम में राजस्व संग्रह अमीन महेशचंद्र यादव के अलावा अमीन मोमिन खां, होमगार्ड विद्यासागर और महेंद्र पाल शामिल थे।
गुरुवार को टीम धोंधी पहुंची और अमरेश बाजपेई से बकाया धनराशि जमा करने न अदा करने पर कार्रवाई किए जाने की बात कही। इस पर अमरेश भड़क गया। आरोप है कि उसने राजस्व टीम से गाली गलौज कर बकाएदारी संबंधी अभिलेख छीनकर फाड़ दिए। साथी का तमंचा लेकर महेशचंद्र यादव पर फायर कर दिया।
किसी तरह बचकर राजस्व टीम वापस पहुंची और घटना की जानकारी राजस्व विभाग के अधिकारियों को देते हुए तहरीर सांडी थाने में दी। सांडी थानाध्यक्ष अरुणेश गुप्ता ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है।