हरदोई। बदमाशों ने शहर कोतवाली क्षेत्र में पिता व पुत्र को कार में लिफ्ट देकर 63 हजार रुपये लूट लिए। दिन दहाड़े हुए इस घटना से सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम जगतपुरवा निवासी देवी प्रसाद पुत्र माता प्रसाद 14 वर्षीय पुत्र मानसिंह के साथ पिहानी चुंगी पर लगे नकासे में भैंस बेचने आए थे। भैंस बेचने के बाद गुरुवार की दोपहर यह पिहानी चुंगी से नुमाइश चौराहे तक पहुंचे। नुमाइश चौराहे पर यह वाहन का इंतजार कर रहे थे। तभी सफेद रंग की कार इनके पास आकर रुकी। इसमें चालक के अलावा एक महिला, एक बच्चा और दो अन्य लोग बैठे थे। कार चालक ने इन्हें फर्दापुर तक छोड़ने के लिए कहा। इससे यह कार में बैठ गए। देवी प्रसाद ने बताया कि रास्ते में इन लोगों ने 63 हजार दो सौ रुपये छीन लिए। 62 हजार की भैंस बेची थी।
बारह सौ रुपये वह घर से लेकर आया था। इसके बाद इन लोगों ने फर्दापुर के पास जबरदस्ती कार से उतार दिया। यह कार लेकर बिलग्राम की ओर चले गए। दोनों ने शहर कोतवाली में घटना की सूचना दी। कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि घटना की जानकारी हुई है। जांच की जा रही है।
कार में लिफ्ट देकर 63 हजार रुपये लूटे
दिन दहाड़े हुई घटना से मची खलबली, भैंस बेचकर घर जा रहे थे पिता व पुत्र