हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कांशीराम कालोनी में साढू के घर पर देहात कोतवाली क्षेत्र के मन्नापुरवा निवासी मजदूर लालू श्रीवास्तव (28) पुत्र वीरेंद्र मृत मिला। मृतक के चाचा ने साढू के भाई पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया। वहीं पत्नी ने बीमारी से मौत होने की बात कही है।
लालू दिल्ली में फैक्ट्री में मजदूरी करता था। उसके परिवार में पत्नी रोली, दो पुत्र व एक पुत्री है। वह 14 दिसंबर को दिल्ली से गांव आया था। रविवार शाम करीब सात बजे वह कांशीराम कालोनी निवासी साढू कुलदीप के घर गया था। जहां पर देर रात संदिग्ध हालात में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पत्नी रोली वहां पहुंची और चचेरे ससुर बाबू को सूचना दी। रात में ही बाबू अन्य परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। बाबू ने साढू के भाई पर मारपीट के दौरान हत्या करने का आरोप लगाया। वहीं मृतक की पत्नी रोली ने बताया कि लालू टीबी रोग से ग्रसित था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। कोतवाली प्रभारी एसआई डीके सिंह ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।