हरदोई। भूमि विवाद को लेकर गौरा गांव में सोमवार को दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना में घायल छह लोगों को इलाज व चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है।
थाना क्षेत्र के गौरा गांव निवासी राकेश पुत्र अर्जुन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पुत्री संगीता सोमवार को कचरा फेंक कर आ रही थी। घर से कुछ दूरी पर उसे गांव के ही विजय कुमार द्विवेदी आदि ने पुरानी रंजिश के चलते रोक लिया और गाली गलौज कर मारपीट करने लगे। शोर सुनकर वह और उसकी भाभी सुमन भी मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने उसे भी पीट दिया। मारपीट में तीनों घायल हो गए।
वहीं विजय कुमार द्विवेदी पुत्र सुंदर लाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि सोमवार को वह भैंस के खूटे के पास लगी ईंटें सही कर रहा था। तभी वहां आए गांव के ही राकेश, रमेश, रेशू व अमित जमीन अपनी बताते हुए उसके साथ गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी।
इस बीच बचाव कराने आए नृपेंद्र और इतेंद्र को भी आरोपियों ने पीट दिया। मारपीट में वह तीनों घायल हो गए। एसओ राजकरन शर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घायलों को मेडिकल व इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।